यूपी में मौसम ने ली करवट धूप गायब, लखनऊ समेत पूर्वांचल में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. सोमवार को अधिकांश जिलों में सूरज के दर्शन नहीं हुए और आसमान पूरे दिन बादलों से ढका रहा. हल्की ठंडक और उमस के बीच कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को लगा कि ठंड की दस्तक हो गई है. लेकिन मौसम विभाग ने साफ किया है कि अभी यह ठंड की शुरुआत नहीं, बल्कि बदलते सिस्टम का असर है.

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, इस समय प्रदेश में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी आ रही है. इसी कारण प्रदेश का मौसम बदला हुआ है. दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है, जबकि रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहेगा. लखनऊ और पूर्वी यूपी के जिलों में अगले 4 से 5 दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है. इस दौरान धूप निकलने की उम्मीद बेहद कम है. राजधानी लखनऊ में सोमवार को गोमतीनगर, चिनहट और पीजीआई इलाके में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. मौसम विभाग ने मोहनलालगंज क्षेत्र के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ 28 अक्टूबर की शाम तक आंध्र तट को पार करेगा. इसके कमजोर पड़ने के बाद इसका असर 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिखेगा. इस दौरान वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़ और लखनऊ समेत कई जिलों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

Related Articles

Back to top button