डूबते सूर्य को दिया श्रद्धा का अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भव्यता और उत्साह आज अपने चरम पर है। व्रतियों ने तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से लेकर गांव तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगी रोशनी से नहाए घाट, सूप में फल, फूल सहित पूजा का अन्य सामान, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देती महिलाएं, उनकी नाक से मांग तक सजा सिंदूर और छठ माई के गीतों की गूंज। ये नजारा सोमवार को बरेली में छठ पूजा को लेकर सजाए गए घाटों पर हर किसी का मन मोह रहा था। छठ पूजा के लिए व्रती महिलाओं के शाम चार बजे से ही घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूजा-अर्चना के लिए शहर में रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर, इज्जतनगर के शिव मंदिर, रामगंगा घाट, कैंट के धोपेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य जगहों पर व्यवस्था की गई थी। इस दौरान महिलाएं सुनिहा अरज छठी मइया, बढ़े कुल परिवार कांच ही बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए, नारियल केरवा घोउदवा, साजल नदिया किनार, बढ़े कुल परिवार आदि गीत गाती दिखीं।

व्रती महिलाएं अपने साथ ठेकुआ, केला, नारियल, पपीता, सेब, अनार, सिंघाड़ा, संतरा, नीबू, अदरक, कद्दू मूली आदि की टोकरी लेकर घाट पर पहुंचीं थीं। वेदी बनाकर पूजा-अर्चना के बाद पानी में खड़े होकर उन्होंने सूर्य देवता को अर्घ्य दिया। सूर्य देव और छठ मैया से संतान प्राप्ति, पति व संतान की दीर्घायु और परिवार में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंगलवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाएं 36 घंटे से चल रहे उपवास का पारायण करेंगी।

छठ पर्व को देखते हुए खन्नौत तट पर विशेष इंतजाम किए गए। तट को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। बड़ी हाईमास्ट लाइट लगाकर रोशनी का इंतजाम किया गया था। आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। पर्व को देखते हुए महिलाओं ने खूब सेल्फी भी ली है। अपने परिवारों के साथ सेल्फी ली। मांग में सिंदूर भरने के पल को कैमरे में कैद किया।

शाहजहांपुर में गर्रा नदी स्थित घाट पर छठ पर्व मनाया गया। जिला गंगा समिति की ओर से गंगा समग्र एवं पूर्वांचल महासभा सेवा समिति की ओर से आरती की गई। एसपी राजेश द्विवेदी ने आरती कर शुभारंभ किया। पूरा घाट छठ मैया व गंगा मैया के नारों से गूंज उठा। समाजसेवी मुकेश परिहार, जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया, पुष्पक श्रीवास्तव, सरदार राजू बग्गा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button