बॉलीवुड डेब्यू पर भावुक हुईं हरनाज कौर संधू, खुशी के पल में दिवंगत पिता को किया याद

साल 2021 में मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम कर भारत का मान बढ़ाने वाली हरनाज कौर संधू ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में दस्तक दे दी है। टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त अभिनीत फिल्म ‘बागी 4’ में वे नजर आई हैं, जो शुक्रवार 05 सिंतबर को रिलीज हुई है। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया है, जिसमें अपने दिवंगत पिता को याद करती दिखी हैं।

परिवार को बताया ताकत
अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर हरनाज कौर संधू बेहद खुश हैं। उन्होंने अपनी अब तक की सफलता का क्रेडिट अपने परिवार को दिया है। हरनाज ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने एक फैमिली फोटो पोस्ट करते हुए दिल छूने वाली कुछ लाइनें लिखी हैं। हरनाज का कहना है कि उनके इस सफर में परिवार हमेशा ताकत बना है।

सपनों से लेकर परदे तक…
हरनाज ने पोस्ट के साथ लिखा है, ‘सपनों से लेकर बड़े परदे तक… मेरा दिल शुकराना और कृतज्ञता से भरा है। यह पल मेरे परिवार के प्यार और आशीर्वाद के बिना मुमकिन नहीं होता। पापा, मेरे मार्गदर्शक, गार्जियन एंजिल… मैं आपको हर कदम पर, हर फ्रेम में अपने साथ रखती हूं’। हरनाज ने हैशटैग के साथ ‘बागी 4’ लिखा है। बता दें कि हरनाज कौर संधू के पिता प्रीतम सिंह संधू का जुलाई 2023 में निधन हो गया था।

असरदार रहा हरनाज का डेब्यू
‘बागी 4’ में हरनाज संधू का डेब्यू ताजगी भरा और असरदार रहा है। बात करें फिल्म ‘बागी 4’ की तो यह ‘बागी’ फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी है। इस सीरीज की पहली फिल्म साल 2016 में आई थी। आज शुक्रवार को रिलीज हुई ‘बागी 4’ का निर्देशन ए. हर्षा ने किया है। संजय दत्त नेगेटिव रोल में हैं। टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त जबर्दस्त एक्शन अवतार में नजर आए हैं। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

Related Articles

Back to top button