ब्रिटेन की उप प्रधानमंत्री एंजेला रेनर ने टैक्स घोटाले के बाद इस्तीफा दिया, राजनीति में उठा बड़ा झटका

ब्रिटेन की उप-प्रधानमंत्री एंजेला रेनर ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। यह कदम उस स्वतंत्र जांच रिपोर्ट के बाद उठाया गया, जिसमें पाया गया कि उन्होंने हाल ही में खरीदी गई संपत्ति पर टैक्स सही तरीके से नहीं चुकाया और इस तरह सरकारी मंत्रियों के लिए तय नैतिक मानकों का पालन नहीं किया।
एंजेला रेनर ने स्वीकार किया था टैक्स घोटाला
बुधवार को एंजेला रेनर ने स्वीकार किया था कि उन्होंने इंग्लैंड के दक्षिणी तट में मौजूद हव इलाके में खरीदे गए एक फ्लैट पर सही टैक्स नहीं भरा। इसके बाद उन्होंने खुद को मंत्री नैतिकता मानकों के स्वतंत्र सलाहकार लॉरी मैग्नस के पास जांच के लिए भेजा।
करीब 42 लाख का किया टैक्स घोटाला
लॉरी मैग्नस ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को सौंपी। इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि एंजेला रेनर ने ‘स्टॉम्प ड्यूटी’ नाम का टैक्स कम भरा, जिससे उन्हें करीब 40,000 पाउंड (लगभग 42 लाख रुपये) का फायदा हुआ। बता दें कि ब्रिटेन में किसी भी संपत्ति की खरीद पर टैक्स लगाया जाता है, जो महंगी या दूसरी संपत्तियों पर और ज्यादा होता है।
लेबर सरकार में संभाल रही थीं हाउसिंग मामलों की जिम्मेदारी
एंजेला रेनर लेबर सरकार में हाउसिंग (आवास) मामलों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वह अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं और अक्सर टैक्स चोरी करने वालों, खासकर पिछली कंजरवेटिव सरकार के नेताओं की कड़ी आलोचना करती रही हैं। जुलाई 2024 में सत्ता में आई लेबर सरकार के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।

