सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुंचा भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन, मैत्री संबंध होंगे मजबूत

भारत और सेशेल्स के बीच समुद्री और मैत्री संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाज एक सितंबर को सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे। इन जहाजों में आईएनएस तीर, आईएनएस शार्दूल और सीजीएस सारथी शामिल हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह स्क्वाड्रन इस समय दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में लंबी दूरी के प्रशिक्षण अभियान पर है। इसका उद्देश्य युवा नौसैनिकों को प्रशिक्षण देना और मित्र देशों के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करना है।
बंदरगाह पहुंचने पर एसडीएफ बैंड ने किया औपचारिक स्वागत
प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के बंदरगाह पहुंचने पर सेशेल्स रक्षा बल (एसडीएफ) बैंड द्वारा औपचारिक स्वागत किया गया, जो दोनों देशों के मजबूत समुद्री संबंधों का प्रतीक रहा। भारतीय नौसेना के औपचारिक गार्ड और बैंड ने भी जहाजों पर परेड कर समान एकजुटता दिखाई।
इन अधिकारियों से मुलाकात करेंगे कैप्टन तिजो के. जोसेफ
इस दौरे के दौरान, 1टीएस के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन तिजो के. जोसेफ सेशेल्स सरकार के मंत्रालयों के महत्वपूर्ण अधिकारियों, एसडीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। पोर्ट कॉल के दौरान पेशेवर बातचीत, क्रॉस-डेक विजिट और एसडीएफ कर्मियों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामुदायिक जुड़ाव के तहत योग सत्र, नौसेना बैंड के कार्यक्रम, खेल मुकाबले और सामाजिक गतिविधियां भी होंगी।

