भयावह हादसा: पानी में डूबी कार से निकाले गए कई शव, हादसे ने रोक ली सांसें

जयपुर: रविवार की सुबह जयपुर के रिंग रोड पर बने 20 फीट गहरे अंडरपास में पानी भरे होने के कारण एक कार डूब गई, जिसमें दो परिवारों के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा प्रहलादपुरा के पास हुआ। कार में सवार लोग डूबने से नहीं बच पाए।
घटना का क्रम
रविवार को सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने अंडरपास में उलटी पड़ी कार देखी। करीब तीन घंटे बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम की मदद से क्रेन द्वारा कार को बाहर निकाला गया। कार में सवार सातों शव बरामद हुए। शवों का पोस्टमॉर्टम महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में करवाया गया और परिजनों को सौंपा गया।
शिवदासपुरा थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम (FSL) की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान
शिवदासपुरा थाना के SHO सुरेन्द्र सैनी ने बताया कि मृतकों में भीलवाड़ा के केकड़ी फुलिया कलां निवासी अशोक वैष्णव (47) उर्फ कालूराम, उनकी पत्नी सीमा देवी (45), बेटा रोहित (23), पोता गजराज (6), और रिश्तेदार रामराज वैष्णव (38), उनकी पत्नी मधु (36), तथा 14 महीने का बेटा रुद्र शामिल हैं।
अशोक वैष्णव खेती-बाड़ी करते थे और रावणा राजपूत समाज के मंदिर में पुजारी थे। रामराज टैक्सी चलाते थे।



