भर्ती परीक्षा आज से, उम्मीदवारों को पहुंचाने के लिए रोडवेज-रेलवे ने बढ़ाई सेवाएं

राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो रही है। इस बार की चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा राज्य की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। इसमें कुल 53,749 पदों के लिए 24 लाख 75 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 38 जिलों के 1300 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा 200 केंद्र जयपुर जिले में स्थापित किए गए हैं। अकेले जयपुर में 4.5 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा देंगे।

सरकार ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन संबंधी व्यवस्था भी की है। 19 से 23 सितंबर तक अभ्यर्थी राजस्थान रोडवेज की बसों में अपना एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इतना ही नहीं परीक्षा से दो दिन पहले और समाप्ति के दो दिन बाद तक भी नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक सुगम परिवहन उपलब्ध कराने हेतु उत्तर-पश्चिम रेलवे ने विशेष कदम उठाया है। रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी शशि किरण ने जानकारी दी कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

पहली परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 04803/04804, जैसलमेर-भगत की कोठी-जैसलमेर के बीच चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 04803, जैसलमेर से 18 से 20 सितंबर तक रात 23.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 05.00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04804, भगत की कोठी से 19 से 21 सितंबर तक शाम 16.00 बजे रवाना होकर रात 22.00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव आशापुर गोमट, रामदेवरा, फलौदी, मारवाड़ लोहावट, ओसियां, मारवाड़ मथानिया, राईकाबाग और जोधपुर स्टेशनों पर रहेगा। इस रेलसेवा में 10 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 कोच होंगे।

Related Articles

Back to top button