राजस्थान के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट: मानसून की विदाई कल से, जैसलमेर, बीकानेर और गंगानगर से शुरुआत

राजस्थान में एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 17 सितंबर को बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, राज्य में मानसून सीजन की विदाई 16 सितंबर या उसके बाद से शुरू होने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसलमेर, बीकानेर और गंगानगर में मौजूदा परिस्थितियां मानसून के खत्म होने के अनुकूल हैं।
मानसून विदाई के कारण: पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क
मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और पूर्वी हवाओं के कमजोर होने से पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मौसम शुष्क हो रहा है। वातावरण में नमी का स्तर कम हो गया है, जिससे मानसून की विदाई तेज हो रही है।
तापमान में बढ़ोतरी, नमी का स्तर घटा
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई शहरों में धूप और शुष्क मौसम रहा। गंगानगर में सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अन्य शहरों जैसे चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर आदि में भी तापमान में 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई।
राज्य के कई इलाकों में दिन के समय नमी का स्तर 50 प्रतिशत से नीचे आ गया है, जो मौसम के शुष्क होने और मानसून के लौटने के संकेत हैं।
आगे का पूर्वानुमान
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 16 सितंबर तक राजस्थान में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर बादल बन सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है।
17 सितंबर को एक नया वेदर सिस्टम राज्य में सक्रिय होगा, जिसके कारण हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसी के मद्देनजर 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।



