पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर राजस्थान में सेवा पखवाड़ा, सीएम ने दी स्वच्छता की सौगात…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और सरकार के स्तर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

स्वच्छता से सेवा की शुरुआत

सीएम भजनलाल शर्मा ने सुबह ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में झाड़ू लगाकर सफाई की और पौधारोपण किया। इसके बाद वे सड़क किनारे एक थड़ी पर पहुंचे और खुद चाय बनाकर कार्यकर्ताओं व मौजूद लोगों को परोसी। इस मौके पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के पहले दिन सीएम शर्मा ने सीवरेज नीति का विमोचन, सफाई मित्रों को पीपीई किट का वितरण और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

‘शहर चलो’ और ‘ग्रामीण सेवा शिविर’

  • शहर चलो अभियान के तहत नगरीय क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट अपग्रेडेशन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
  • ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से गांव-गांव में जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया जाएगा। इसमें पेंशन, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच, जाति/निवास प्रमाण पत्र वितरण, टीकाकरण और पशु स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं।

सीएम का दिनभर का कार्यक्रम

  • सुबह 7:00 बजे – सिटी पार्क, मानसरोवर: ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम
  • सुबह 9:00 बजे – जवाहर कला केंद्र: प्रदर्शनी का अवलोकन
  • सुबह 10:00 बजे – मालवीय नगर: ‘शहरी सेवा शिविर’ का उद्घाटन
  • सुबह 11:30 बजे – प्रधानमंत्री मोदी से वर्चुअल संवाद
  • दोपहर 12:30 बजे – सीतापुरा: रक्तदान शिविर में सहभागिता
  • दोपहर 3:30 बजे – बस्सी (जयपुर): ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ का शुभारंभ

नेताओं ने दी शुभकामनाएं

सीएम शर्मा ने एक्स पर लिखा— “मां भारती के अनन्य उपासक, भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को कोटिशः शुभकामनाएं।”
डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवाल ने लिखा— “140 करोड़ भारतीयों की सुख-समृद्धि के लिए सतत साधनारत, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।”
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी ट्वीट कर बधाई संदेश भेजे।

Related Articles

Back to top button