ओमप्रकाश राजभर ने फोड़ा बम! NDA से गठबंधन तोड़ने की दी धमकी, कर डाली ये डिमांड

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने NDA से गठबंधन तोड़ने की धमकी दी है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए से 4-5 सीटों की मांग की है। ओमप्रकाश राजभर का कहना है कि उनकी पार्टी को बिहार में चुनाव लड़ने के लिए एक भी सीट नहीं दी गई। उन्होंने इस बात के लिए नाराजगी भी जाहिर की है। राजभर ने आरोप लगाया कि भाजपा “गठबंधन धर्म” का पालन नहीं कर रही है।
एनडीए ने सीट शेयरिंग का किया ऐलान
बता दें कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि एनडीए ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर दी है। एनडीए ने रविवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा कर दी। इस व्यवस्था के तहत, भाजपा और जद(यू) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 243 विधानसभा सीटों के लिए 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
153 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी बिहार में एक मोर्चा बनाएगी और सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, “अब सुभासपा बिहार चुनाव अपने दम पर लड़ने पर विचार कर रही है। हम एक मोर्चा बनाएंगे और वहां चुनाव लड़ेंगे। अब तक पार्टी ने पहले चरण की 52 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू होगी। हम 153 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बिहार के लोगों, आप गठबंधन धर्म निभाना नहीं जानते, आपने अपने नेतृत्व को गलत फीडबैक दिया। हम अपने गठबंधन धर्म का पालन करने के लिए तैयार हैं। अभी भी कुछ समय है, अगर आप हमें अपने साथ रखना चाहते हैं, तो हमें 4-5 सीटें दे दीजिए।”


