गांधीनगर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: साबरमती किनारे 700 अवैध निर्माण ढहाए गए

गुजरात की राजधानी गांधीनगर में गुरुवार तड़के प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। साबरमती नदी के किनारे सरकारी जमीन पर बने करीब 700 अवैध ढांचों को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। दोपहर तक 150 निर्माण ध्वस्त कर दिए गए, जबकि बाकी पर अभियान जारी है।
यह कार्रवाई गांधीनगर के पेटापुर इलाके में सुबह 4 बजे शुरू हुई। इसमें गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी), राज्य के रोड्स एंड बिल्डिंग्स (आरएंडबी) विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए 700 से ज्यादा पुलिसकर्मी, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे, मौके पर तैनात किए गए।



