क्लब विवाद उदयपुर में भड़का, बाउंसरों ने 6 दोस्तों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में आरडीएक्स बार एंड क्लब के बाहर 6 दोस्तों पर बाउंसरों ने जमकर हमला किया। दोस्त रात करीब 2:30 बजे लिफ्ट के जरिए क्लब से बाहर आ रहे थे, तभी बार स्टाफ का एक युवक हाथ में बीयर लेकर लिफ्ट में घुसने लगा। दोस्तों ने उसे रोक दिया, जिससे युवक और बाउंसर गुस्से में आ गए।
बाउंसरों ने युवकों को चारों तरफ से घेरकर लात-घूंसों से पीटा, पेट और मुंह पर कई बार मुक्के मारे। पीड़ितों में कमलेश पालीवाल, मोहित, मिलन, विकास, मोनू और रोहित शामिल हैं। इस घटना में युवकों को गंभीर चोटें आई हैं।
सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन मुख्य बदमाशों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया। बार मालिक और स्टाफ के खिलाफ आबकारी विभाग को नोटिस भेजा जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।



