अजमेर JLN हॉस्पिटल में बर्थडे पार्टी विवाद: नॉनवेज परोसा, पुलिसकर्मी भी शामिल, अधीक्षक ने कार्रवाई का ऐलान

अजमेर के जेएलएन अस्पताल में पाबंदी के बावजूद नियमों का उल्लंघन किया गया। अस्पताल के मुख्यमंत्री निशुल्क दवा काउंटर के हॉल में जन्मदिन का केक काटा गया, वहीं मनोरोग विभाग की ओपीडी में नॉनवेज पार्टी का आयोजन किया गया।
यह आयोजन एक हेल्थ वॉरियर ने अपने जन्मदिन पर किया। पार्टी में अस्पताल के स्टाफ और अन्य लोग शामिल हुए, साथ ही एक पुलिसकर्मी भी नजर आया। मीट काटकर पकाने और सामूहिक भोज का पूरा वीडियो बनाया गया, जिसकी खुशबू से वार्ड में भर्ती मरीज और उनके परिजन भी आकर्षित हो गए।
वीडियो अस्पताल के सोशल मीडिया ग्रुप में अपलोड किया गया था, जिसे कुछ समय बाद हटा दिया गया, लेकिन पहले ही कुछ स्टाफ सदस्यों ने इसे डाउनलोड कर लिया।
अधीक्षक का बयान
जेएलएन अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे ने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की बर्थडे पार्टी पर पाबंदी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए मेट्रन के नेतृत्व में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। डॉ. खरे ने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और जांच कमेटी को 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।



