राजस्थान में बारिश का रिकॉर्ड तोड़ा, 63% बांध भर गए, दो जिलों में खतरा जारी!

राजस्थान में इस मानसून सीजन में अब तक 693.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जो 1917 के बाद दूसरी सबसे अधिक है। प्रदेश के कुल 693 बांधों में से 437 बांध पूरी तरह भरे हुए हैं, यानी 63 फीसदी बांध फुल हो चुके हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण बीसलपुर बांध से 24 जुलाई से पानी छोड़ा जा रहा है।

मंगलवार को जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है, जिसके कारण जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और जालोर में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। जालोर में भारी बारिश के चलते भारत माला एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा भी गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

राजस्थान में सोमवार को डिप्रेशन सिस्टम के कारण बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर और सिरोही जिलों में 1 से 2 इंच तक बारिश हुई। शेष प्रदेश में मौसम सामान्य रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 10 सितंबर से मानसून कमजोर पड़ सकता है और अगले चार दिन तक तेज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

पिछले 20 वर्षों में जलवायु परिवर्तन के कारण राजस्थान जैसे सूखे प्रदेश में बारिश औसत से अधिक होने लगी है। इस मानसून में जुलाई में सबसे ज्यादा 290 मिमी बारिश हुई, जबकि जून में 125.3 मिमी और अगस्त में 184 मिमी बारिश दर्ज की गई। सितंबर के पहले आठ दिनों में 94 मिमी बरसात हुई।

हाल ही में उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58ई पर भूस्खलन हुआ, जिसमें बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे यातायात बाधित हुआ।

Related Articles

Back to top button