MLA भाटी ने विधानसभा के शोर-शराबे पर हमला बोला: जनता देख रही है सरकार की असली तस्वीर!

राजस्थान विधानसभा में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सरकार की नीतियों और लापरवाहियों पर कड़ी निंदा की। उन्होंने चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को उजागर करते हुए कहा कि प्रदेश में 2018 से लंबित प्रयोगशाला सहायक भर्ती प्रक्रिया युवाओं के साथ धोखा और जनता के साथ अन्याय है। भाटी ने सरकार से तत्काल भर्ती पूरी करने और हजारों बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग की।

उन्होंने मेडिकल हेल्थ वॉलंटियर फोर्स को वित्तीय स्वीकृति देने और इसे ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में लागू करने पर भी जोर दिया। करीब 7000 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए अलग कैडर, ट्रांसफर पॉलिसी और निश्चित मानदेय की मांग करते हुए भाटी ने चेतावनी दी कि सरकार ने यदि कदम नहीं उठाए तो स्वास्थ्य ढांचा चरमरा जाएगा।

इसके अलावा, भाटी ने ब्लड बैंक तकनीशियन, OT टेक्नीशियन, कैथ लैब, डायलिसिस और EEG तकनीशियन जैसे पदों के लिए शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उन्होंने नर्सिंग निदेशालय की स्थापना में हो रहे विलंब पर भी नाराजगी जताई।

सीमावर्ती इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की दयनीय स्थिति पर भाटी ने चिंता व्यक्त की और कहा कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की कमी से जिला अस्पतालों पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और पैरा-मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति कर इसे सुधारना होगा, नहीं तो जनता को भारी त्रासदी झेलनी पड़ेगी।

भाटी ने विधानसभा में विपक्ष और सरकार दोनों पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “राजस्थान को किस हालत में पहुंचा दिया है, जनता देख रही है।”

Related Articles

Back to top button