हाफिज सईद से मुलाकात पर मनमोहन ने धन्यवाद दिया, यासीन मलिक के दावे से मचा हंगामा

जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के आतंकी यासीन मलिक ने दिल्ली हाईकोर्ट में दायर हलफनामे में सनसनीखेज दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उसे आतंकी हाफिज सईद से मुलवाने के लिए धन्यवाद दिया था। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक यह मुलाकात 2006 में पाकिस्तान में हुई थी।

मलिक ने कहा कि यह बैठक उसकी पहल पर नहीं, बल्कि पाकिस्तान के साथ गुप्त शांति प्रक्रिया के तहत इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारियों के कहने पर आयोजित की गई थी। उसके अनुसार, IB ने साफ कहा था कि पाकिस्तान के साथ बातचीत तब तक सार्थक नहीं हो सकती, जब तक आतंकवादी नेताओं को भी उसमें शामिल न किया जाए।

हलफनामे के मुताबिक 2005 में कश्मीर भूकंप के बाद, IB के तत्कालीन विशेष निदेशक वीके जोशी ने दिल्ली में मलिक से मुलाकात कर पाकिस्तान जाकर राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ हाफिज सईद जैसे आतंकी सरगनाओं से बातचीत करने की अपील की थी। इसके बाद पाकिस्तान में सईद ने जिहादी समूहों का सम्मेलन बुलाया, जहां उसने आतंकियों से शांति अपनाने का आग्रह किया।

मलिक ने दावा किया कि 17 फरवरी को दिल्ली में तत्कालीन NSA एमके नारायणन की मौजूदगी में उनकी मुलाकात मनमोहन सिंह से हुई थी। उस समय सिंह ने कथित तौर पर उन्हें “पाकिस्तान के सबसे कट्टरपंथी तत्वों से बातचीत की पहल” करने के लिए धन्यवाद दिया और अहिंसक आंदोलन का जनक बताया।

गौरतलब है कि यासीन मलिक पर 1990 में श्रीनगर में चार वायुसेना अधिकारियों की हत्या का आरोप है। वह टेरर फंडिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद है।

Related Articles

Back to top button